खुशी जो खोजने निकले तो उम्रें कम पड़ जाएँगी
ये कोई शय नहीं जिसका कहीं बाज़ार होता है
न दौलत में, न शोहरत में, न ऊँचा नाम होने में
कभी छोटी-सी बातों में भी बड़ा सा सार होता है
कभी बारिश की बूँदों में, कभी मिट्टी की ख़ुशबू में
कभी मां की दुआ में भी सारा संसार होता है
कभी पाने की चाहत में, कभी खोने के डर में हम
भुला देते हैं, जो हासिल है, वही उपहार होता है
न हर मंज़िल पर मिले, न हर चाहत के हासिल पर
कभी चलते हुए सफर में भी इतवार होता है
किसी के पास सबकुछ है, मगर बेचैन रहता है
किसी के पास कुछ न हो, मगर दिलदार होता है
खुशी कोई मुकम्मल दिन, न कोई तयशुदा लम्हा
ये जीने का सलीका, आत्मिक व्यवहार होता है
ज़रा ठहरो, ज़रा देखो, ज़रा महसूस भी कर लो
जिसे हम ढूँढ़ते फिरते हैं, वो हृदय के द्वार होता है
• रामकृष्ण गौतम
• Ram Krishna Gautam

Comments