घाट



हर घाट की अपनी एक कथा है
कहीं आस्था का दीप जलता है
कहीं प्रतीक्षाएं साँस लेती हैं
कहीं मौन सबकुछ कह देता है

किसी घाट पर माँ की वंदना है
किसी पर पिता का तर्पण है
कहीं प्रेम ने हाथ छोड़ा है
कहीं विरह ने पाया समर्पण है

कहीं काशी की सुबह में
मंत्रों का अनहद नाद है
कहीं हरिद्वार की संध्या में
दीपों का अंबर दिलशाद है

कहीं प्रयाग में मिलती धारा
कहीं उज्जैन में काल का वास
मां नर्मदे के तट पर बैठा कहीं
मन घूम रहा आकाश

कहीं कोई अस्थियाँ लेकर आया
कहीं कोई सपने विसर्जित कर गया
किसी ने जल में पाप उतारे
कोई अपने आँसू धर गया

किसी घाट ने नवजीवन देखा
किसी ने अंतिम यात्रा
कहीं शंखनाद से दिन जागा
कहीं चिता ने लिख दी गाथा

घाटों ने सबको जगह दी है
राजा हो या रंक
किसी के माथे चंदन देखा
किसी का भाग्य निरंक

यहाँ कोई खाली हाथ नहीं आता
न कोई वैसा लौट पाता है
कोई श्रद्धा छोड़ जाता है
कोई अपना भार बहा जाता है

नदी तो बस बहती रहती है
घाट समय को थामे रहते हैं
लोग आते हैं, चले जाते हैं
घाट सदियों तक सब सहते हैं

अजब हैं ये घाट भी
जीवन-मृत्यु के बीच तने
जहाँ अंत भी आरंभ लगे
और बिछोह भी प्रार्थना बने

शायद इसीलिए घाट पवित्र हैं
कि वो किसी से कुछ पूछते नहीं
जो जैसा है, उसे वैसा ही रखते हैं
और किसी के बहाए आँसुओं की
किसी से चुगली नहीं करते हैं

नदी बहना सिखाती है, घाट ठहरना
जीवन सबक सिखाती है, घाट सहना

• रामकृष्ण गौतम, भोपाल

Comments