आवाहन है, विसर्जन है,
जीवन परिवर्तन का नाम है।
मिलन है, विरह है,
प्रेम है, विद्वेष है।
आग्रह है, अनुग्रह है,
विश्वास है, विग्रह है।
सुख है, संताप है,
आशा है, प्रलाप है।
छल है, कपट है,
सत्य है, तटस्थता है।
रिश्ते हैं, अपने हैं,
कुछ पास हैं, कुछ सपने हैं।
कुछ स्मृतियां भेष बदलती हैं,
कुछ समय के साथ मचलती हैं।
कहीं उत्कर्ष, कहीं अपकर्ष है,
कहीं अनुराग, कहीं संघर्ष है।
कहीं उत्सव, कहीं अवसाद है,
कहीं मौन, कहीं प्रतिवाद है।
कहीं आरंभ है, कहीं अवसान है,
कहीं स्वप्न हैं, कहीं निदान है।
कहीं प्रतीक्षा, कहीं प्रस्थान है,
कहीं प्रश्न, कहीं समाधान है।
न सब अपना, न सब पराया,
न हर सच आँखों ने पाया।
न हर हार पराजय होती,
न हर जीत विजय कहलाती।
कुछ छोड़ना भी अर्जन है,
कुछ मौन रहना भी कथन है।
कभी सहना भी सामर्थ्य है,
कहीं कहना सुनना व्यर्थ है।
न सुख का अभिमान रहे,
न दुख का अवसान रहे।
न छल का प्रतिकार रहे,
न ईर्ष्या का संसार रहे।
जो आए, उसका सम्मान रहे,
जो जाए, उसका प्रस्थान रहे।
जीवन का बस ये सार रहे,
भीतर उजास और प्यार रहे।
• रामकृष्ण गौतम, भोपाल
Ramkrishna Gautam

Comments