मन के पार



मन के पार गए हो कभी,
जहाँ न कोई शोर मिले,
न पाने की कोई इच्छा हो,
न खोने का कोई छोर मिले।

जहाँ प्रेम हो, पर मोह नहीं,
जहाँ मौन हो, पर द्रोह नहीं,
जहाँ जीत-हार अर्थहीन लगे,
जहाँ स्वयं से भी विद्रोह नहीं।

जहाँ यादें आएँ, ठहरें नहीं,
जहाँ रिश्ते बाँधें, बंधें नहीं,
जहाँ कोई अपना छूट भी जाए,
तो भी मन में कोई द्वेष नहीं।

जहाँ पीड़ा का भी मान रहे,
आनंद का भी सम्मान रहे,
विषधर लिपटे भुजंग रहें,
पर भीतर चंदन की शान रहे।

जहाँ दुनिया अपने ढंग चले,
तुम अपने सच के संग चलो,
कोई ताज पहनाए या ठुकराए,
तुम होके मस्त मलंग चलो।

मन की पाने की इच्छा भी
मन का ही एक विकार है
जिस दिन मन से मैं निकला
फिर सबकुछ मन के पार है

• रामकृष्ण गौतम
• Ram Krishna Gautam

Comments