अंजाम की फिक्र में फैसले नहीं किए जाते, कुछ रास्ते सिर्फ इसलिए नहीं छोड़ दिए जाते कि वे मुश्किल हैं और कुछ रास्तों पर सिर्फ इसलिए चला भी नहीं जाता कि मंजिल मिल जाएगी। हर बात का नतीजा हमारे हाथ में नहीं होता, कई बार पूरी ईमानदारी से निभाया गया वचन भी नाकाम रहता है और कई बार बेमन के फैसले भी चल जाते हैं। जिंदगी इतनी सपाट नहीं है कि हर सही कदम सही जगह पहुंचाए और हर गलत कदम कोई सबक देकर ही जाए।
कुछ लोग मिलते हैं और बहुत कुछ सिखाकर चले जाते हैं, कुछ रिश्ते बचाए जा सकते थे मगर बचाए नहीं जाते, कुछ दूरियां मजबूरी नहीं बल्कि समझदारी होती हैं और कुछ फैसलों का बोझ उठाना ही उनकी कीमत होती है। हर परिणाम यह नहीं बताता कि कौन सही था और कौन गलत, कभी-कभी वह सिर्फ इतना बताता है कि परिस्थितियां किसके पक्ष में थीं और वक्त ने किसे किस मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया।
समय के साथ इंसान हर घटना, हर परिणाम पर प्रतिक्रिया देना छोड़ देता है, हर बिछड़ने पर अफसोस नहीं करता, हर जीत पर उत्सव नहीं मनाता और हर हार को अपनी काबिलियत का प्रमाण नहीं मानता। धीरे-धीरे समझ आता है कि जिंदगी में सबसे मुश्किल किसी मुकाम तक पहुंचना नहीं, बल्कि उस यात्रा में अपने विवेक, स्वाभिमान और सहजता को बचाए रखना है। क्योंकि अंततः अंजाम से कहीं ज्यादा मायने उस समझ के होते हैं जिसके साथ हम अपनी ही कहानी को दोबारा देख पाते हैं। आखिर, अपने आईने में बेदाग जो दिखना है।
• रामकृष्ण गौतम
• Ram Krishna Gautam

Comments