कुछ बातें थीं



कुछ बातें थीं
जो होंठों तक आकर लौट गईं
कुछ आँधियाँ थीं
जो खिड़कियों से होकर गुज़र गईं

मैंने दरवाज़े बंद नहीं किए
बस परदे हिला दिए थे

हर बार बोलकर जवाब
ज़रूरी तो नहीं होता
कभी-कभी ख़ामोशी भी
बात पूरी कर देती है

एक उम्र लगी ये समझने में
कि नदी को समंदर तक पहुँचने की
जल्दी नहीं होती
वो रास्ते में कितने ही किनारे सींचती चलती है

अब कोई रूठे
तो मनाने की ज़िद नहीं करता
कोई छूटे
तो रास्तों को दोष नहीं देता

बस कुछ ख़त
लिखकर रख देता हूँ
भेजता नहीं...

कुछ रिश्ते
डायरी के सूखे फूलों जैसे होते हैं
महकते तो नहीं अब
मगर फेंकने का मन भी नहीं होता

• रामकृष्ण गौतम, भोपाल
Ramkrishna Gautam

Comments