मैं पीड़ा का अग्रदूत


मैं पीड़ा का अग्रदूत 
जीवन मेरा संसारी  है
व्यर्थ खुशी के अंतःपुर में
करुण सा क्रंदन जारी है

संघर्षों के समरांगण में कर्म बदलकर भेष खड़े 
निश्छल हो पर दूर रहो तुम, राग तुम्हारे द्वेष बड़े 
कष्टों की आपाधापी में अक्सर अपना कहते हैं
जितना तुमसे रिक्त रहे हम उतना तुममें शेष पड़े

मैं विपदाओं का बादल हूं
बरखा मेरी अति खारी है
व्यर्थ खुशी के अंतःपुर में
करुण सा क्रंदन जारी है

कल दो आंखें पूछ रही थीं अब कैसे मुझ बिन जीते हो 
तुममें इतनी नमी है कैसे अश्रु क्यों इतना पीते हो
स्मृतियों की तुरपाई क्या अब भी करते फिरते हो 
संबंधों के धागों से क्या अब भी उनको सीते हो

मैं आभा का प्रथम अरुण हूं
संध्या मेरी प्रतिहारी है
व्यर्थ खुशी के अंतःपुर में
करुण सा क्रंदन जारी है

सुख का मैं अपवाद हूं लेकिन मुझमें दुःख के जाले है
हाथों में नवरत्न जड़ें पर पांव में अगणित छाले हैं
अधियारों के हर प्रश्नों का एक ही उत्तर देता हूं
कृत्य से सूरज फीका है पर भाग्य में तुमसे काले हैं

अब करता हूं अवसान स्वयं का 
रात्रि अमावस भारी है
व्यर्थ खुशी के अंतःपुर में
करुण सा क्रंदन जारी है

• सादर

Comments